वाराणसी
पिंडरा में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर किया काम, 17 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
आठ सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध जारी, फूलपुर, सिंधोरा और बड़ागांव थाना दिवस में जताया विरोध
पिंडरा (वाराणसी)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर पिंडरा तहसील के लेखपालों ने शनिवार को अपनी आठ सूत्रीय मांगों के समर्थन में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। तहसील क्षेत्र के विभिन्न थानों में आयोजित संपूर्ण थाना दिवस के दौरान भी लेखपालों ने विरोध दर्ज कराया।
ऑनलाइन कार्यों का पहले से बहिष्कार
लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपाल आठ अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को फूलपुर, सिंधोरा और बड़ागांव थाना परिसर में आयोजित संपूर्ण थाना दिवस में लेखपाल काली पट्टी बांधकर शामिल हुए और अपनी मांगों के प्रति विरोध जताया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष राजेश कुमार और उपमंत्री कपीश तिवारी ने कहा कि सरकार उनकी आठ सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो लेखपाल 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की अपेक्षा जताई।
