भदोही
डॉ. आशीष वर्मा लगातार तीसरे साल दुनिया के शीर्ष 2% वैज्ञानिकों में शामिल
स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की सूची में मिला स्थान, काशी नरेश पीजी कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षकों ने जताई खुशी
भदोही। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के भौतिक विज्ञानी डॉ. आशीष वर्मा ने जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्हें लगातार तीसरे वर्ष स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की दुनिया के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
प्राचार्य ने दी बधाई
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राजेंद्र प्रसाद यादव ने डॉ. आशीष वर्मा को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में स्थित प्रदेश के इस पुराने शिक्षण संस्थान के लिए यह गौरव की बात है। डॉ. वर्मा को शिक्षा जगत के कई विद्वानों की ओर से भी बधाई संदेश मिल रहे हैं।
प्लाज्मा और नैनो-कणों पर करते हैं शोध
डॉ. आशीष वर्मा सैद्धांतिक भौतिकी के विशेषज्ञ हैं। उनका शोध प्लाज्मा और नैनो-कणों के साथ उच्च शक्ति वाली लेजर बीम की अंतःक्रिया पर केंद्रित है। इस क्षेत्र में उनका शोध कार्य वैज्ञानिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
छह साल की सेवा में 49 शोध आलेख प्रकाशित
डॉ. वर्मा ने अपनी छह साल की सरकारी सेवा के दौरान स्कोपस इंडेक्स्ड जर्नलों में 49 उच्च गुणवत्ता वाले शोध आलेख प्रकाशित किए हैं। लगातार तीसरे साल वैश्विक वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिलना उनके शोध कार्यों की उपलब्धि को दर्शाता है।
