Connect with us

गाजीपुर

गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का धरना सातवें दिन भी जारी

Published

on

Loading...
Loading...

चेयरमैन पर मनमानी और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के दुरुपयोग का आरोप, मांगें पूरी नहीं होने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी हित में इस्तेमाल किए जाने के आरोपों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा। धरनारत सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का उपयोग पालिका के नियमित कार्यों के बजाय निजी हितों के लिए कर रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि गृहकर वसूली के मामलों में बोर्ड और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर सभासद नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठे हैं।

मांगें नहीं मानीं तो इस्तीफे की चेतावनी

धरनारत सभासदों ने पालिका अध्यक्ष पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने, वादाखिलाफी करने, सभासदों के खिलाफ कथित रूप से हरिजन एक्ट के तहत जबरन मुकदमा दर्ज कराने तथा सत्ता का दुरुपयोग करने जैसे आरोप लगाए हैं। सभासदों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं लिया गया तो वे राज्यपाल को संबोधित और जिलाधिकारी के माध्यम से उपजिलाधिकारी जमानियां को सामूहिक त्यागपत्र सौंपने पर विचार कर रहे हैं।

सभासदों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वे जल्द ही इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

Advertisement

धरने के दौरान सुरेंद्र चौधरी साहू, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल, प्रमोद यादव, मोहन गुप्ता, राहुल वर्मा, आशीम खां, सचिन वर्मा, अंजनी गुप्ता, शमीम अंसारी, शिवबचन यादव, उमराव यादव और मोहन राम सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।

नोट: गृहकर वसूली और कर्मचारियों के कथित दुरुपयोग से जुड़े आरोप सभासदों की ओर से लगाए गए हैं। इन पर पालिका अध्यक्ष का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी शामिल किया जा सकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page