Connect with us

गाजीपुर

क्रॉस कंट्री दौड़ में तीन जिलों के 400 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Published

on

Loading...
Loading...

गुड़िया संस्थान की पहल पर प्रतियोगिता आयोजित, 40 प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। मानव तस्करी, देह व्यापार और महिलाओं व बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुड़िया स्वयंसेवी संस्थान की ओर से बुधवार को क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। एनएच-124डी के किनारे चौजा पुल से जलालाबाद के टड़वा टप्पा तक हुई प्रतियोगिता में गाजीपुर, मऊ और आजमगढ़ जिले के करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

संस्थान के समन्वयक उमाशंकर ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह आठ बजे से 11 बजे तक चली। इसमें 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए पांच किलोमीटर और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी। जूनियर वर्ग में करीब 250 और सीनियर वर्ग में लगभग 150 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को मिली पुरस्कार राशि

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 15 हजार रुपये, द्वितीय को 10 हजार, तृतीय को पांच हजार, चौथे को तीन हजार, पांचवें को दो हजार और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को एक हजार रुपये दिए गए। अन्य चयनित खिलाड़ियों को 500 रुपये और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार राशि का वितरण दरोगा नारायण पाठक के माध्यम से कराया गया।

Advertisement

मऊ और आजमगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता के परिणामों में जूनियर वर्ग में मऊ जिले के विद्यासागर ने प्रथम और विशाल यादव ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में आजमगढ़ के अश्विनी चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग की दूसरी दौड़ में मऊ के सुनील राजभर प्रथम, गाजीपुर के विशाल राजभर द्वितीय और आजमगढ़ के अभय प्रसाद तृतीय स्थान पर रहे।

खेल के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता

संस्थान के समन्वयक उमाशंकर ने बताया कि गुड़िया संस्थान तीन दशकों से अधिक समय से महिलाओं और बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा तथा मानव तस्करी जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता के लिए कार्य कर रहा है। युवाओं को खेलों से जोड़ने और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के लिए संस्था समय-समय पर कबड्डी, खो-खो, हाफ मैराथन और क्रॉस कंट्री दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित करती है।

आयोजन के दौरान दुल्लहपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस, चिकित्सकों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सफल संचालन में उमाशंकर, राजेश कुमार, नंदलाल, अशोक, शिवम शेखर सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page