Connect with us

भदोही

राजस्व वसूली में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

Published

on

Loading...
Loading...

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की डी श्रेणी की समीक्षा बैठक में शत-प्रतिशत आरसी वसूली के निर्देश, लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

ज्ञानपुर। कर-करेत्तर राजस्व, लंबित रिट याचिकाओं, राजस्व कार्यों और राजस्व न्यायालयों से संबंधित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर डी श्रेणी की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने, लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने और विभागीय लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

आरसी वसूली में ढिलाई बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी ने सभी तहसीलदारों को अमीनवार वसूली की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए लक्ष्य के सापेक्ष वसूली हर हाल में पूरी की जाए। सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि आरसी की वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराएं। इसमें लापरवाही या हीलाहवाली पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य मदों में वसूली बढ़ाकर राजस्व रैंकिंग में सुधार करने को कहा गया। परिवहन, आबकारी, खनन और राजस्व सहित संबंधित विभागों को अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

लंबित राजस्व वादों के निस्तारण पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने लंबित राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए शीघ्र सुनवाई कर उनका निस्तारण करने को कहा। कुछ तहसीलों में लक्ष्य के अनुरूप वादों का निस्तारण नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल लक्ष्य निर्धारित कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

Advertisement

मजिस्ट्रेट न्यायालयों में उपस्थित पेशकारों को वादों का एजेंडा, रिपोर्टिंग और टिप्पणियां स्पष्ट, सुसंगत एवं तार्किक तरीके से तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया।

शिकायतों और भूमि संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित रिट याचिकाओं, खतौनी अंश निर्धारण, स्वामित्व योजना, रोस्टर के अनुसार खतौनियों के दाखिले तथा एंटी भू-माफिया अभियान से संबंधित कार्यों की प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया।

उन्होंने वाणिज्यकर विभाग को राजस्व प्राप्ति में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को नियमित समीक्षा कर कमियों की पहचान करने और विशेष प्रयासों से प्रगति सुधारने को कहा।

बैठक में अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page