बलिया
PDA जनचौपाल में गरजे विधायक जियाउद्दीन रिजवी, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
आरक्षण और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उठाए सवाल, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया आह्वान
सिकंदरपुर (बलिया)। समाजवादी पार्टी की ओर से बुधवार को सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में PDA जनचौपाल का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने जनसमस्याएं सुनीं और भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।
जनचौपाल को संबोधित करते हुए विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक वर्ग के आरक्षण संबंधी अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही भाजपा पर ऐसे तत्वों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
विधायक ने कहा कि PDA वर्ग अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है। यह वर्ग एकजुट होकर अपने हक के लिए संघर्ष करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और संगठन को मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ताराचंद कन्नौजिया ने की, जबकि संचालन रामजी यादव ने किया। इस दौरान मंजय ठाकुर, बबलू यादव, अमरनाथ वर्मा और जवाहर राम सहित कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
