बलिया
अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ बने भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष
बांसडीह के बड़सरी निवासी बबलू के मनोनयन से कार्यकर्ताओं में उत्साह, किसानों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत करना होगी प्राथमिकता
बांसडीह (बलिया)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की ओर से जारी नई सूची में बांसडीह तहसील क्षेत्र के बड़सरी निवासी अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ को भाजपा किसान मोर्चा का बलिया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
छात्र जीवन से ही संगठन में सक्रिय रहे बबलू
अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ का संगठनात्मक और सामाजिक जीवन काफी सक्रिय रहा है। छात्र जीवन में उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में बांसडीह तहसील प्रमुख और सह जिला प्रमुख की जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा स्काउट एवं गाइड में उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह पूर्व में ग्राम प्रधान और दूरसंचार विभाग की सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने से पहले अभिजीत तिवारी किसान मोर्चा में जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और निष्ठा को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
किसानों के हितों की रक्षा का लिया संकल्प
अपने मनोनयन पर अभिजीत तिवारी ‘बबलू’ ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। किसानों के अधिकारों की रक्षा करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उनके मनोनयन से क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में उत्साह है। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा जिले में और अधिक सक्रिय होकर किसानों की समस्याओं को उठाएगा।
