वाराणसी
खिड़की पेंट करते समय करंट की चपेट में आया 11वीं का छात्र, मौत
मिर्जामुराद (वाराणसी)। थाना क्षेत्र के अरका गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय छात्र राहुल कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर की खिड़की पर पेंट कर रहा था, तभी बिजली के खुले तार की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार, अरका निवासी योगेंद्र कुमार का पुत्र राहुल कक्षा 11 का छात्र था। नवरात्र की साफ-सफाई के बाद रविवार शाम वह घर की खिड़की पेंट कर रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रहे घरेलू बिजली के खुले तार के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। राहुल दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता मछली पालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। बाद में कछवां गंगा घाट पर राहुल का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
