गाजीपुर
नवीन गृहकर वसूली के विरोध में सभासदों का धरना चौथे दिन भी जारी
चेयरमैन पर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के दुरुपयोग का आरोप, छह सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की कथित जबरन वसूली और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के निजी कार्यों में दुरुपयोग के आरोपों को लेकर सभासदों का धरना रविवार को चौथे दिन भी जारी रहा। नगर पालिका परिसर में धरने पर बैठे सभासदों ने पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
सभासदों का आरोप है कि पालिका अध्यक्ष आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का इस्तेमाल निजी कार्यों के लिए कर रहे हैं। इसके साथ ही नवीन गृहकर की वसूली के मामले में बोर्ड के निर्णय और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की जा रही है। सभासदों ने अध्यक्ष पर तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने और वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका का काम प्रभावित कर कर्मचारियों का निजी लाभ के लिए उपयोग किया जाना गंभीर मामला है।
बोर्ड के फैसले के बावजूद वसूली का आरोप
सभासदों के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को आयोजित नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से नवीन गृहकर को फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद उच्चाधिकारियों के निर्देशों और बोर्ड के फैसले को दरकिनार कर नगरवासियों पर गृहकर जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। सभासदों ने नवीन गृहकर की वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
छह सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग
धरनारत सभासदों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में पालिका अध्यक्ष अथवा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि छह सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
धरने में ये सभासद रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में सभासद राकेश प्रजापति, शिव बचन यादव, मोहन राम, प्रमोद यादव, सचिन वर्मा, शमीम अंसारी, उमराव यादव, राजा बाबू, अंजनी गुप्ता, विकास जायसवाल, रजनीकांत उपाध्याय और राहुल वर्मा सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।
