Connect with us

गाजीपुर

मिशन शक्ति के तहत नंदगंज में निकला जागरूकता मार्च

Published

on

Loading...
Loading...

महिला सुरक्षा और सम्मान का दिया संदेश, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किया जागरूक

नंदगंज (गाजीपुर)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार शाम नंदगंज थाने से महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण को लेकर जागरूकता मार्च निकाला गया। पैदल मार्च में पुलिसकर्मियों के साथ जनप्रतिनिधियों, आशा बहुओं, एएनएम और शिक्षकों ने भाग लिया। सभी ने कस्बे में भ्रमण कर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

मार्च के दौरान महिला सशक्तीकरण से संबंधित पोस्टर और बैनर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शासन की ओर से जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उनके उपयोग के बारे में बताया गया।

अभियान के तहत महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, घरेलू हिंसा से संबंधित सहायता के लिए 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 की जानकारी दी गई। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा के लिए 102 और 108 नंबरों के बारे में भी बताया गया।

Advertisement

पुलिस ने लोगों से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की। जागरूकता मार्च का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के उपायों से परिचित कराना तथा समाज में महिला सम्मान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।

मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और जरूरत के समय उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page