गाजीपुर
दवोपुर हाईवे पर हादसा, घायल सफाईकर्मी की मौत
अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से हुए थे घायल, इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के दवोपुर हाईवे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल सफाईकर्मी सुनील कुमार (50) की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरहपुर गांव निवासी माला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति सुनील कुमार बीते 10 अक्टूबर की रात मोपेड से नंदगंज से नैसारा गांव जा रहे थे। इसी दौरान दवोपुर हाईवे पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सुनील कुमार को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज गाजीपुर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सुनील कुमार करंडा ब्लॉक के श्रीगंज गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक की पत्नी माला देवी की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
