वाराणसी
राजनाथ सिंह ने स्व. सुरेश सिंह गौतम के निधन पर जताया शोक
जनसंघ काल से पार्टी को मजबूत करने में रहा अहम योगदान, परिजनों को दी सांत्वना
भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम से मुलाकात कर व्यक्त की संवेदना
मिर्जामुराद (वाराणसी)। भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार देर रात वाराणसी के कैंटोनमेंट क्षेत्र स्थित सरकारी आवास पर गौर गांव निवासी जनसंघ के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य स्व. सुरेश सिंह गौतम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने स्व. गौतम के भतीजे एवं भाजपा जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
पार्टी के प्रति समर्पण को किया याद
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्व. सुरेश सिंह गौतम के योगदान को याद करते हुए कहा कि वह जनसंघ के समय से ही पार्टी को आगे बढ़ाने में निरंतर जुटे रहे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
जल्द परिवार से मिलने का दिया आश्वासन
राजनाथ सिंह ने कहा कि वह जल्द ही स्व. सुरेश सिंह गौतम के आवास पर जाकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। रक्षा मंत्री के शोक संदेश से परिजनों एवं समर्थकों ने उनके प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल, संजीव सिंह गौतम, अमित सिंह ‘पीयूष’, शिवधनी पटेल, ओपी पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
