गाजीपुर
मेघबरन सिंह स्टेडियम के तीन खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन अवॉर्ड
राजकुमार पाल, अजीत यादव और आशु मौर्य सम्मानित; उपलब्धियों से गाजीपुर का बढ़ाया गौरव
खानपुर (गाजीपुर)। राजधानी के प्रतिष्ठित ताज पैलेस में मंगलवार को टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित ‘यूथ आइकॉन्स समिट एंड अवॉर्ड्स-2026, उत्तर प्रदेश चैप्टर’ में गाजीपुर के करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम के तीन हॉकी खिलाड़ियों राजकुमार पाल, अजीत यादव और आशु मौर्य को यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए मिले इस सम्मान से करमपुर सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रही नई पहचान
मेघबरन सिंह स्टेडियम लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। एक ही स्टेडियम से जुड़े तीन खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित मंच पर सम्मान मिलना करमपुर की हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
पेरिस ओलंपिक में राजकुमार पाल ने किया था शानदार प्रदर्शन
राजकुमार पाल पेरिस ओलंपिक-2024 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे थे। उनकी इस उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करमपुर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया था। इस दौरान राजकुमार पाल को डिप्टी एसपी बनाए जाने की घोषणा भी की गई थी। उनकी सफलता ने ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

स्टेडियम में खुशी का माहौल
तीनों खिलाड़ियों को सम्मान मिलने पर स्टेडियम के निदेशक राधे मोहन सिंह ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं संचालक अनिकेत सिंह, आशुतोष सिंह, विपुल चौबे, मनोज सिंह, ध्रुव सिंह, दीपक सिंह, पूजा सिंह और इंद्रदेव राजभर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने करमपुर की हॉकी को नई पहचान दिलाई है। तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे अन्य खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ा है।
