वाराणसी
विश्व हिंदू कल्याण परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने इंद्रभान मिश्रा
संगठन के विस्तार और सनातन संस्कृति के संरक्षण को बताया प्राथमिकता, पदाधिकारियों ने दी बधाई
वाराणसी। विश्व हिंदू कल्याण परिषद के राष्ट्रीय संयोजक करुणेश पांडेय के निर्देश पर मंगलवार को इंद्रभान मिश्रा को संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। शिवपुर स्थित मंडल कार्यालय में राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी एवं कार्यालय सचिव संदीप जायसवाल ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपा।
नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रभान मिश्रा ने कहा कि वह संगठन की नीतियों और दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। संगठन का विस्तार, आपसी समन्वय और सनातन संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सद्भाव और राष्ट्रीय हित की भावना को मजबूत करने के साथ संगठन के उद्देश्यों, विचारधारा और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करेंगे।
पदाधिकारियों ने किया स्वागत
इंद्रभान मिश्रा के मनोनयन के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। साथ ही अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव, परमानन्द गुप्ता, नवीन प्रधान, जिला मंत्री अरुण सिंह तथा पूर्णिया, बिहार के जिलाध्यक्ष रोशन सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
