गाजीपुर
दुल्लहपुर में टेंपो ने तोड़ा रेलवे क्रॉसिंग का बूम, दोनों तरफ लगा जाम
ट्रेन आने पर बंद हो रहा था गेट, तेज रफ्तार टेंपो चालक की लापरवाही से हुआ नुकसान; आरपीएफ करेगी कार्रवाई
दुल्लहपुर (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे गेट संख्या 11 पर देर शाम सवारी से भरे एक टेंपो ने क्रॉसिंग का बूम तोड़ दिया। इसके चलते आवागमन बाधित हो गया और रेलवे गेट के दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, सवारियों से भरा एक टेंपो बाजार से निकलकर पूरब दिशा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन आने के कारण गेटमैन रेलवे क्रॉसिंग बंद करने के लिए बूम गिरा रहा था। आरोप है कि तेज रफ्तार टेंपो पश्चिमी बूम के नीचे से निकलकर सड़क की पटरी तक पहुंच गया, लेकिन आगे का बूम बंद होने के कारण वह आगे नहीं जा सका। इसी दौरान टेंपो की टक्कर से बूम टूट गया।
घटना के बाद गेटमैन मौके पर पहुंचा और टेंपो की चाबी अपने कब्जे में लेकर रेलवे पुलिस को सूचना दी। बूम टूटने से क्रॉसिंग पर आवागमन प्रभावित हुआ और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।
टेंपो की पहचान, होगी कार्रवाई
आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय राय ने बताया कि टेंपो की पहचान कर ली गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
