भदोही
बच्चों के विवाद में दंपती की पिटाई, चार पर केस
घर में घुसकर मारपीट और सोने की लॉकेट छीनने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
भदोही। बच्चों के विवाद को लेकर महिला और उसके पति के साथ मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और सोने की लॉकेट छीनने के आरोप में भदोही कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को यह कार्रवाई की गई।
पीड़िता सुनीता के अनुसार, घटना 30 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे मथुरापुर स्थित तमन्ना हाउस के पास हुई। आरोप है कि सुभावती देवी, रोहित कुमार, विजय कुमार और तारा देवी लाठी-डंडे व सरिया लेकर पहुंचे। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि वह बचने के लिए घर के अंदर भागी, लेकिन आरोपी घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट की। जाते समय सोने की लॉकेट छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ केस
सुनीता का कहना है कि घटना के बाद उसने भदोही थाने में शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को भदोही कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
