बलिया
जनगणना 2027: सटीक आंकड़ों से तय होगी विकास की दिशा, डीएम ने दिए निर्देश
सेंट जेवियर्स स्कूल में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण, निष्पक्षता व सावधानी से डेटा संकलन पर जोर
बलिया। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुए इस प्रशिक्षण में जनगणना से संबंधित प्रश्न संख्या 1 से 40 तक की प्रक्रिया और आंकड़े दर्ज करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों को 50-50 के समूहों में बांटकर प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सटीक जनगणना देश के विकास और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकता है। आवास, पेयजल और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों से जुड़े सही आंकड़े सरकार को प्रभावी जनकल्याणकारी योजनाएं बनाने में मदद करते हैं।
घर-घर जाकर जिम्मेदारी से जुटाएं आंकड़े
डीएम ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों से अपील की कि वे घर-घर जाकर पूरी निष्पक्षता, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ आंकड़े संकलित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दर्ज की जाने वाली जानकारी की सटीकता बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कर्मचारी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय एवं सहयोग से जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
