गाजीपुर
विकास परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, डीएम ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
50 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं की समीक्षा, जरूरत के अनुसार श्रमिक बढ़ाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर
गाजीपुर, 26 अक्टूबर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं और प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि काम समय पर पूरा हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और निर्माण कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
पेयजल, सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में फूड हाउसिंग योजना की टेंडर प्रक्रिया, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मनिहारी, कारागार, कंपोजिट विद्यालय, जल जीवन मिशन ग्रामीण के तहत पेयजल कनेक्शन, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई।
इसके अलावा नगर पंचायत सैदपुर में पेयजल व्यवस्था के पुनर्गठन, सेतु निर्माण निगम के अंतर्गत पुल निर्माण और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से संबंधित परियोजनाओं की भौतिक प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गो संरक्षण केंद्र में जल्द बिजली कनेक्शन के निर्देश
जिलाधिकारी ने मरदह स्थित गो संरक्षण केंद्र में जल्द विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। वहीं, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति का सत्यापन करने और व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
