वाराणसी
शिमला राजभवन में राज्यपाल से मिले बीएचयू के 11 छात्र, शिक्षा महाकुंभ 6.0 का स्मृति चिह्न भेंट किया
शोध छात्र रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल; राजनीति, संस्कृति, आपातकाल, जनसेवा और करियर निर्माण पर हुआ संवाद
शिमला/वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी के 11 सदस्यीय छात्र दल ने शिमला स्थित राजभवन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। शिक्षा महाकुंभ 6.0 में प्रतिभाग करने वाले इस दल ने करीब डेढ़ घंटे तक चले संवाद में राजनीति, भारतीय संस्कृति, आपातकाल, जनसेवा, करियर निर्माण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर राज्यपाल से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मेजर शमशेर सिंह और डॉ. बाला लखेंद्र के मार्गदर्शन तथा शोध छात्र रंजीत कुमार राय के नेतृत्व में राजभवन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समसामयिक, ऐतिहासिक और शैक्षणिक विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। राज्यपाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सार्वजनिक जीवन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति युवाओं के योगदान के बारे में जानकारी दी।
शिमला समझौते से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी
मुलाकात के दौरान वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद हुए शिमला समझौते पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को समझौते की पृष्ठभूमि और उससे जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने उस मेज को भी छात्र दल को दिखाया, जिसके बारे में बताया गया कि वहां शिमला समझौते से संबंधित वार्ता हुई थी। ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े स्थल को करीब से देखना विद्यार्थियों के लिए खास अनुभव रहा।
संवाद में लोकतांत्रिक व्यवस्था, आपातकाल, सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और देश के विकास में युवाओं की भागीदारी जैसे विषय भी शामिल रहे।
राज्यपाल को भेंट किया शिक्षा महाकुंभ का स्मृति चिह्न
छात्र दल की ओर से शोध छात्र रंजीत कुमार राय, गीतांजलि, मानस राज और आदित्य कुमार ने राज्यपाल को शिक्षा महाकुंभ 6.0 का स्मृति चिह्न भेंट किया। विद्यार्थियों ने विद्या भारती के हॉलिस्टिक एजुकेशन विभाग की ओर से एनआईटी हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय शिक्षा महाकुंभ के उद्देश्यों, गतिविधियों और विभिन्न सत्रों की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान मीडिया कॉन्क्लेव सहित शिक्षा, मीडिया, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े सत्रों पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने आयोजन में हुए विमर्श और उससे प्राप्त अनुभवों के बारे में राज्यपाल को बताया।
शोधार्थियों और पत्रकारिता के विद्यार्थियों का दल
बीएचयू के प्रतिनिधिमंडल में शोधार्थियों के साथ पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के स्नातकोत्तर विद्यार्थी शामिल रहे। दल में रंजीत कुमार राय, गीतांजलि, मानस राज, आदित्य कुमार, गायत्री नारायण, प्रियंका यादव, हर्ष, सुष्मिता पांडेय, आरती, राजसी और अभिषेक शामिल थे।
राजभवन में हुई यह मुलाकात विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक गतिविधियों से आगे बढ़कर ऐतिहासिक घटनाओं, प्रशासनिक अनुभवों और सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों को समझने का अवसर बनी। संवाद के दौरान विद्यार्थियों को अपने विचार रखने, सवाल पूछने और राज्यपाल के अनुभवों से सीखने का मौका मिला।
