Connect with us

गोरखपुर

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

103 एटीएम कार्ड, स्वाइप मशीन, कार और 15,430 रुपये बरामद; 3.04 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा

बस्ती। कलवारी थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय सांसी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 103 एटीएम कार्ड, एक स्वाइप मशीन (पीओएस), चार मोबाइल फोन, 15,430 रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल की गई किआ कार बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चार से 15 अक्टूबर के बीच अलग-अलग लोगों के खातों से कुल 3,04,061 रुपये की धोखाधड़ी की है।

मदद के बहाने बदल लेते थे एटीएम कार्ड

पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम से आफताब आलम रुपये निकाल रहे थे। इसी दौरान एटीएम में मौजूद दो युवकों ने मदद करने के बहाने उनका कार्ड बदल लिया और पिन भी जान लिया। इसके बाद आरोपियों ने दूसरे एटीएम से उनके खाते से 30 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने पर कलवारी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए थाना पुलिस और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

किआ कार से ग्रामीण इलाकों में करते थे रेकी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के हिसार जिले के बिट्टू कुमार, राहुल, मनीष और आर्यन के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किआ कार से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचते थे। गिरोह के दो सदस्य एटीएम के पास लोगों को मदद के बहाने उलझाते और उनका कार्ड बदलकर पिन हासिल कर लेते थे। इसके बाद दूसरे एटीएम से नकदी निकालने या स्वाइप मशीन के जरिए रकम ट्रांसफर करने की बात सामने आई है।

Advertisement

कई जिलों में वारदात करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने बस्ती के अलावा लखनऊ, खलीलाबाद और वाराणसी समेत अन्य जिलों में भी वारदातें की हैं। बिट्टू कुमार समेत कुछ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद स्वाइप मशीन के गुजरात स्थित फर्म से संबंधों और गिरोह की अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है।

कार्रवाई में कलवारी थाना प्रभारी संतोष कुमार, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव समेत पुलिस टीम शामिल रही।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page