जौनपुर
मुंगराबादशाहपुर में स्कूल वैन और बस की जोरदार टक्कर, छह छात्र गंभीर घायल
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के मधुपुर बाजार में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब डीआरएम इंटरनेशनल स्कूल की वैन और एक अन्य बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय स्कूल वैन में करीब एक दर्जन छात्र सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में बैठे कई छात्र घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में करीब छह छात्रों को गंभीर चोटें आईं, जबकि कुछ अन्य छात्रों को मामूली चोट लगी। प्राथमिक उपचार के बाद हल्की चोट वाले छात्रों को चिकित्सकों ने घर भेज दिया।
तीन छात्रों को जिला चिकित्सालय किया गया रेफर
हादसे में तीन छात्रों की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम जिला चिकित्सालय पहुंचे और भर्ती छात्रों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों से छात्रों की स्थिति और उन्हें दिए जा रहे उपचार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों को घायल छात्रों का प्राथमिकता के आधार पर बेहतर इलाज करने तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। सीएमओ ने भी चिकित्सकीय टीम को आवश्यक उपचार और निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बच्चों को घायल देख परिजनों में मची चिंता
स्कूल वैन में सवार बच्चों के हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। बच्चों को घायल देखकर परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल गंभीर रूप से घायल छात्रों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति को लेकर संबंधित स्तर से जानकारी जुटाई जा रही है।
