Connect with us

बलिया

बिजली संकट और सरयू कटान पर विधायक ने सीएम को लिखा पत्र

Published

on

Loading...
Loading...

सप्ताह भर से कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित होने का दावा, कटान रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग

सिकंदरपुर (बलिया), जयदेश। सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति और सरयू नदी से हो रहे कटान को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, जलशक्ति मंत्री और संबंधित विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने बताया कि सिकंदरपुर और प्रसादपुर विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े दर्जनों गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित है। उन्होंने कहा कि सिकंदरपुर विद्युत उपकेंद्र पर पिछले दो महीने से एसडीओ का पद खाली है। विधायक ने सिकंदरपुर, प्रसादपुर, गोरा मदनपुरा और रतसड़ विद्युत उपकेंद्रों पर तत्काल एसडीओ की तैनाती करने, जर्जर तारों और बिजली के खंभों को बदलने तथा आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।

वहीं, जलशक्ति मंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने सरयू नदी के कटान से प्रभावित गांवों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर कम होने के बाद खरीद, पुरुषोत्तमपट्टी, जिंदापुर, निपनिया और बिजलीपुर गांवों में कटान तेज हो गया है। इससे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि प्रभावित होने की बात कही गई है।

विधायक ने गोसाईंपुर से पिलुई तक बंधा निर्माण कराने तथा जीयू ट्यूब और पत्थर की जाली लगाकर कटानरोधी कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित विभागों से क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान करने का आग्रह किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page