गाजीपुर
जमानियां में चोरी का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार
चोरी के आभूषण बरामद, एक आरोपी के खिलाफ प्रयागराज और देवरिया में भी दर्ज हैं मुकदमे
जमानियां, गाजीपुर (जयदेश)। जमानियां पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताओं के कब्जे से पीली धातु की दो कटी हुई चेन के टुकड़े, एक जोड़ी पायल और सोने का जितिया बरामद किया है। मामले में मुकदमा संख्या 332/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सुनीता पत्नी अमित हरिजन, निवासी छोटा संसार पार, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर से पूछताछ की गई। इस दौरान उसके पास कपड़ों में छिपाकर रखा गया पीली धातु का जितिया बरामद हुआ। पीड़िता ने इसकी पहचान अपने चोरी हुए आभूषण के रूप में की।
इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जमानियां क्षेत्र के चक्का बांध पंप गृह के दूसरे गेट के पास से गुड्डी पत्नी शम्भु, निवासी छोटा संसार पार, गोरखपुर और प्रेमा पत्नी गोविन्द, निवासी बाराचवर, गाजीपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से पीली धातु की कटी हुई चेन और एक-एक जोड़ी पायल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गुड्डी के खिलाफ प्रयागराज और देवरिया में भी चोरी तथा चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपिताओं के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक मिश्रा, अनूप सिंह, विमलेश पटेल, कांस्टेबल बृजेश कुमार और महिला कांस्टेबल प्रतिभा चौरसिया शामिल रहीं।
