बलिया
बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व नकदी चोरी, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
रसड़ा, बलिया। कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कृष्णा नगर कॉलोनी में बंद मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं, करीब आठ माह पहले छितौनी क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार छितौनी निवासी मंजू देवी पत्नी स्व. अजीत कुमार गुप्ता कृष्णा नगर कॉलोनी, रसड़ा में रहती हैं। वह 28 अगस्त की रात मकान में ताला लगाकर रक्षाबंधन पर्व मनाने अपने भाई के घर मधुबन, मऊ गई थीं। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। 29 अगस्त की सुबह पड़ोसियों ने घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में मकान का निरीक्षण किया गया तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरों के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता के मुताबिक चोर सोने का हार, चूड़ियां, अंगूठियां, नथिया, मांगटीका, नाक की कील और कान के टॉप्स समेत लाखों रुपये के आभूषण तथा करीब 15,470 रुपये नकदी चोरी कर ले गए।
इसी मकान में किराए पर रहने वाली कविता धुसिया के कमरे को भी चोरों ने निशाना बनाया। उनके कमरे से एक जोड़ी पायल, बिछिया और सोने के कान के झुमके चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना पर रसड़ा कोतवाली पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आठ माह पहले हुई चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा
स्थानीय लोगों का कहना है कि रसड़ा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का कारण बनी हुई हैं। बीते 4 जनवरी 2026 की रात छितौनी स्थित अधिवक्ता कॉलोनी में रहने वाले कन्हैया राम के बंद मकान में भी चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। इस घटना को करीब आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
पुरानी चोरी का खुलासा नहीं होने और अब एक बार फिर बंद मकान में बड़ी चोरी की घटना सामने आने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। लोगों ने पुलिस से पुराने मामलों का जल्द खुलासा करने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
