भदोही
मिशन शक्ति 5.0: भदोही पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
सुरक्षा, कानूनी अधिकार और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
भदोही। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में जनपद पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने पहुंचकर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन और 1076 पुलिस कंट्रोल रूम के बारे में बताया गया।
पुलिस ने महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ लेने की जानकारी देने के साथ फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए।
अभियान के दौरान POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी गई। भदोही पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
