भदोही
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सजे मंदिर, भव्य झांकियों के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दर्शन-पूजन के लिए लगी लंबी कतार, आधी रात जन्मोत्सव पर गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’
गोपीगंज। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य श्रृंगार कर आकर्षक झांकियां सजाई गईं। भगवान के भव्य स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए सायंकाल से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई।
राधा-कृष्ण मंदिर समेत कई स्थानों पर सजी झांकियां
राधा-कृष्ण मंदिर सोनिया तालाब, सदर मोहाल, मीरजापुर रोड, थाना परिसर सहित अन्य मंदिरों और निजी भवनों में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। रंग-बिरंगी झालरों और सुगंधित पुष्पों से सजे मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहे।
आधी रात गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’
भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए लालायित नजर आए। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण के साथ ही घंटा-घड़ियाल और शंख ध्वनि से वातावरण भक्तिमय हो उठा। चारों ओर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल’ के जयकारे गूंजने लगे।
दर्शन होते ही खुशी से झूम उठे श्रद्धालु
आधी रात बाल स्वरूप के दर्शन की मनोकामना पूरी होते ही श्रद्धालु खुशी से झूम उठे। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा नगर और ग्रामीण क्षेत्र गूंज उठा। देर रात तक मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
