भदोही
कालीन नगरी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम
जगह-जगह मंदिरों में सजी आकर्षक झांकियां, ज्ञानपुर कारागार द्वार भी रोशनी से जगमगाया
ज्ञानपुर/भदोही। कालीन नगरी भदोही में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पूरा जिला भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। ज्ञानपुर नगर सहित जनपद के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
कारागार से कचहरी तक भक्ति की धूम
इस बार सबसे आकर्षक सजावट जिला कारागार ज्ञानपुर के मुख्य द्वार और उसके सामने देखने को मिल रही है। कारागार प्रशासन की ओर से जेल गेट पर फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी के साथ भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक झांकी सजाई गई है।
मंदिरों में फूल बंगला और मनमोहक झांकियां
नगर के प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर और दूधनाथ मंदिर में भव्य फूल बंगला तथा आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। वहीं दीवानी कचहरी परिसर में भी भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाकर जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। जगह-जगह भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आधी रात होगा भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को रोहिणी नक्षत्र में आधी रात भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। भगवान कृष्ण ने अत्याचारी कंस का वध कर धर्म की स्थापना की और श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से कर्मयोग का संदेश दिया। इसी कारण जन्माष्टमी पर भगवान की बाल लीलाओं की झांकी सजाने की विशेष परंपरा है।
महाभिषेक और आरती के बाद होगा प्रसाद वितरण
जन्माष्टमी की रात 12 बजे मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक और आरती की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण होगा। उत्सव को लेकर मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष रौनक बनी हुई है।
