गोरखपुर
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 81 शिक्षकों को किया सम्मानित
76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार, पांच को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार
गोरखपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
समारोह में कुल 81 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें 76 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया। राज्य अध्यापक पुरस्कार पाने वालों में बेसिक शिक्षा के 61 तथा माध्यमिक शिक्षा के 15 शिक्षक शामिल रहे। वहीं पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
33 महिला शिक्षिकाएं भी सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने वाले 81 शिक्षकों में 33 महिला शिक्षिकाएं भी शामिल रहीं। पुरस्कार के रूप में शिक्षकों को 25 हजार रुपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
शिक्षक और छात्र रहे मौजूद
समारोह में मंत्री संजय निषाद, मंत्री गुलाबी देवी, मंत्री संदीप सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह सहित विधायक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य लोग तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में शिक्षकों के शैक्षिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया।
