वाराणसी
सीएम योगी आज वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण
राहत शिविर में पीड़ितों से लेंगे व्यवस्थाओं का फीडबैक, आपदा किट का करेंगे वितरण
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वह गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लेंगे और उन्हें आपदा राहत किट वितरित करेंगे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे आजमगढ़ से हेलीकॉप्टर के जरिए पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इससे पहले वह हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ करीब 20 मिनट तक बैठक कर बाढ़ के हालात और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।
राहत शिविर में 160 से अधिक लोगों से करेंगे संवाद
बैठक के बाद मुख्यमंत्री सीधे सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए राहत शिविर पहुंचेंगे। यहां 160 से अधिक बाढ़ पीड़ितों से शिविर में मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेंगे और राहत किट वितरित करेंगे। वर्तमान में शिविर में 40 परिवार रह रहे हैं, जिनमें 65 पुरुष, 60 महिलाएं, 34 बच्चे और छह बुजुर्ग शामिल हैं।
कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन
राहत शिविर के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट से शाम करीब 7:30 बजे हेलीकॉप्टर के माध्यम से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।
