Connect with us

गाजीपुर

शिक्षक दिवस पर वक्ताओं ने रखे अपने विचार

Published

on

Loading...
Loading...

शिक्षकों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व : अजय सहाय

बहरियाबाद, गाजीपुर। बहरियाबाद एवं आसपास के विद्यालयों में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों को सम्मानित किया गया और छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक अजय सहाय ने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आभार व्यक्त करने का विशेष अवसर है। उन्होंने बताया कि यह दिवस भारत के दूसरे राष्ट्रपति, महान दार्शनिक, विद्वान एवं शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1962 में डॉ. राधाकृष्णन के राष्ट्रपति बनने के बाद उनके विद्यार्थियों और प्रशंसकों ने उनका जन्मदिन मनाने का आग्रह किया था। उन्होंने अपने जन्मदिन को अलग से मनाने के बजाय इस दिन को देशभर के शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की इच्छा जताई। इसके बाद 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।

Advertisement

अजय सहाय ने बताया कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को तिरुत्तनी, तमिलनाडु में हुआ था। वे दर्शनशास्त्र के प्रकांड विद्वान थे और मैसूर, कलकत्ता तथा ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्यापन किया। शिक्षा और दर्शन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनका मानना था कि देश के सर्वश्रेष्ठ बुद्धिजीवी और ज्ञानवान लोगों को ही शिक्षक बनना चाहिए।

प्रधानाचार्य राम प्रकाश राम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को माता-पिता से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कक्षाओं में गढ़ा जाता है और शिक्षक भावी वैज्ञानिकों, डॉक्टरों, इंजीनियरों एवं नेताओं की नींव तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि देश को भ्रष्टाचार मुक्त और सुंदर विचारों वाला बनाना है तो पिता, माता और शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम में राम पलट यादव, नेसार फैज, गुलाब गुप्ता, रामप्यारे प्रजापति, संजय दुबे, जितेंद्र कुमार, अमरेंद्र मिश्र, खूबचंद यादव, हैदर अब्बास, श्रीमती राजनी वाला, संजय कुमार, अमरजीत कुमार, राजेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page