बलिया
विकास कार्यों की लापरवाही से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
संपर्क मार्ग बनने से बंद हुई पानी निकासी, बदबू और संक्रामक बीमारियों का मंडराया खतरा
ट्रांसफार्मर तक पहुंचा पानी, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की
नरही (बलिया)। विकास खंड सोहांव के ग्राम सभा नरही में मगई नदी पर बने नए पुल की संपर्क सड़क स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। सड़क निर्माण के दौरान पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने से सड़क किनारे लगातार जलजमाव हो रहा है। सड़ रहे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय ग्रामीण कमला राय, प्रेमकांत उपाध्याय, मदन रजत और बिस्मिलाह ने बताया कि पहले मोहल्ले का पानी नाले के माध्यम से मगई नदी में चला जाता था, लेकिन नई सड़क बनने के बाद निकासी का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इसके चलते पूरे क्षेत्र में पानी जमा हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अभी बरसात पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, फिर भी हालात चिंताजनक हैं। सबसे बड़ी चिंता जलजमाव के बीच स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को लेकर है। उनका कहना है कि यदि पानी का स्तर और बढ़ा तो बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान और कार्यदायी संस्था से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
