Connect with us

जौनपुर

धार्मिक स्थल की भूमि विवाद में राजस्व टीम ने की पैमाइश

Published

on

Loading...
Loading...

मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन ने नहीं की किसी दावे की पुष्टि, जांच पूरी होने तक मामले पर बनी रहेगी नजर

जौनपुर(केराकत)। तहसील क्षेत्र के थानागद्दी गांव में धार्मिक स्थल की भूमि को लेकर चल रहे विवाद के बीच राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। शिकायतकर्ताओं की ओर से मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा कर धार्मिक ढांचा बनाए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासन ने प्रारंभिक जांच शुरू की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि थानागद्दी बाजार से बड़ी मजार तक जाने वाली संकरी गली, बड़ी मजार का एक हिस्सा तथा छोटी मजार मंदिर की भूमि पर स्थित हैं। उनका कहना है कि वर्षों पूर्व मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कराया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

सूत्रों के अनुसार, राजस्व विभाग की पैमाइश में लगभग 904 वर्गफुट भूमि मंदिर की बताई गई है, जिस पर कब्जे का दावा शिकायतकर्ताओं ने किया है। हालांकि, इस संबंध में राजस्व विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।

Advertisement

वहीं, मामले में दूसरे पक्ष का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग ने भी किसी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पैमाइश रिपोर्ट और राजस्व अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। मामले से संबंधित अंतिम निष्कर्ष प्रशासनिक जांच और सक्षम अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page