चन्दौली
शिक्षक दिवस पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ का आयोजन
पंडित बच्चन जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने पर्यावरण, शिक्षा और गुरु-शिष्य परंपरा पर रखे विचार
चकिया (चंदौली)। पंडित बच्चन जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय उसरी, चकिया एवं चकिया रेंज काशी वन्य जीव प्रभाग, रामनगर वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने छात्र जीवन में शिक्षा एवं शिक्षक तथा प्राचीन और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भाषण प्रस्तुत किए।
प्रकृति और वन प्रथम गुरु का स्वरूप : अश्वनी चौबे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चकिया रेंज के रेंजर अश्वनी चौबे ने कहा कि वन शक्ति और प्रकृति को मां के रूप में पूजित माना गया है और मां को प्रथम गुरु का दर्जा प्राप्त है। इसी भावना के साथ शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान का आयोजन किया गया है।
गुरुकुल परंपरा में प्रकृति का रहा महत्व
डिप्टी रेंजर आनंद दुबे ने प्राचीन युग की गुरुकुल व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुकुलों का प्रकृति और वन संरक्षण से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की उन्नति ही शिक्षक का पारितोषिक : डॉ. अभिषेक
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. अभिषेक कुमार पांडे ने कहा कि भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का संपूर्ण जीवन देश, शिक्षा तथा विद्यार्थियों की बौद्धिक, सामाजिक और आध्यात्मिक उन्नति के लिए समर्पित रहा। विद्यार्थियों का विकास और उनकी सफलता ही शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा पारितोषिक है।
बाबा साहब आप्टे को किया याद
शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा साहब आप्टे की जयंती एवं समर्पण दिवस का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भारत के इतिहास के पुनर्लेखन के महत्वपूर्ण स्तंभ और समर्पित प्रचारक रहे। विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम के बाद महाविद्यालय में लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘एक पेड़ गुरु के नाम’, शिक्षक दिवस और बाबा साहब आप्टे के समर्पण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेंजर अश्वनी चौबे, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, प्रबंधक डॉ. अभिषेक कुमार पांडे, प्राचार्य डॉ. शैलेश दुबे, संदीप लाल, संदीप प्रजापति, अमित पांडे, प्रीति उपाध्याय, संध्या मौर्या, सतीश कुमार सहित वन विभाग के वन दरोगा राम आशीष, लाल बहादुर यादव, जसवंत, मोहम्मद आजाद, शिवदत्त सिंह, आदित्य कुमार तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का संचालन संदीप सर ने किया। स्वागत डॉ. अभिषेक कुमार पांडे ने तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य डॉ. शैलेश दुबे ने किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के उपरांत किया गया।
