चन्दौली
समाधान दिवस में 99 शिकायतें, मौके पर सिर्फ 2 का निस्तारण
डीएम ने लंबित मामलों को एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के दिए निर्देश
चकिया। नौगढ़ तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कीं। समाधान दिवस में कुल 99 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से महज 02 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
राजस्व और वन विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिक
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, वन विभाग, विकास और पुलिस प्रशासन से संबंधित रहीं। मौके पर कम शिकायतों का निस्तारण होने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सभी लंबित प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो प्रार्थना पत्र मौके पर निस्तारित नहीं हो सके हैं, उनका संबंधित अधिकारी एक सप्ताह के अंदर मौके पर जाकर समाधान करें। निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि पीड़ित को दोबारा अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें।
भूमि विवादों का मौके पर हो समाधान
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस से संबंधित शिकायतों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण प्राथमिकता है। संबंधित थानाध्यक्षों को राजस्व टीम के साथ समन्वय बनाकर भूमि विवाद और पुलिस से जुड़ी शिकायतों का मौके पर जाकर निष्पक्ष समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारी रहे मौजूद
समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उप जिलाधिकारी पवन यादव, अधिशासी अभियंता विद्युत चंद्रप्रभा, सोशल सेक्टर के अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, तहसीलदार राहुल सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ मोहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
