जौनपुर
16 माह से जाम नाली, जलभराव से मानीकलां के लोग बेहाल
दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
कई शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सफाई, डेढ़ साल से जल निकासी ठप
मानीकलां (जौनपुर)। विकास खंड सोधी शाहगंज क्षेत्र के कस्बा मानीकलां में पिछले करीब 16 माह से जाम पड़ी नाली स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है। कम्पोजिट विद्यालय के समीप मस्जिद जन्नतुल फिरदौस के पश्चिमी हिस्से की नाली की नियमित सफाई नहीं होने से घरों का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। इसके चलते गलियों और आसपास के घरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। ग्राम विकास अधिकारी द्वारा रोस्टर के अनुसार सफाई व्यवस्था कराने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन उसका असर धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है।
जाम नाली के कारण लंबे समय से जमा गंदे पानी से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैली हुई है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। वहीं बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन के स्वच्छ भारत मिशन के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि डेढ़ वर्ष से अधिक समय से जाम नाली की समस्या का समाधान नहीं होना व्यवस्था की उदासीनता को दर्शाता है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से तत्काल नाली की सफाई कराकर जल निकासी बहाल करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में फिरोज अहमद, अल्ताफ अहमद, मोहम्मद अरशद, नदीम अनवर, मौलाना नसीम, हकीमुद्दीन, हाफिज तबरेज, मोहम्मद फैज, रेहान अहमद, रियाजुद्दीन, शकील अहमद, इश्तियाक अहमद, शाहनवाज अहमद, रियाज अहमद, निजामुद्दीन, मोहम्मद सालिम खान और मोहम्मद हैदर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।
