Connect with us

जौनपुर

काली मंदिर में जेवरात चोरी का प्रयास विफल, पुजारी की सतर्कता से आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

भागने के दौरान आरोपी ने पुजारी के हाथ में काटा, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

पुलिस ने चोरी के जेवरात बरामद किए, आरोपी से पूछताछ जारी

गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। नगर के सिपाह मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध काली माई शक्ति पीठ मंदिर में सोमवार सुबह मां काली के श्रृंगार में चढ़े जेवरात चोरी करने का प्रयास पुजारी की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गया। मंदिर के पुजारी बाबा केवल दास ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने बचने के लिए पुजारी के हाथ में दांत से काटकर उन्हें घायल कर दिया, लेकिन पुजारी ने उसे नहीं छोड़ा। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक दर्शन के बहाने मंदिर में पहुंचा और गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की प्रतिमा पर चढ़े जेवरात उतारने लगा। इसी दौरान पुजारी बाबा केवल दास की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल युवक को पकड़ लिया।

खुद को पकड़ा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया। घायल होने के बावजूद पुजारी ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मजबूती से पकड़े रखा।

Advertisement

पुजारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी किए गए जेवरात के साथ हिरासत में लेकर थाने ले गई।

थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पवन कुमार लाल, निवासी पूरा, नीभापुर के रूप में बताई है। आरोपी के कब्जे से मंदिर के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page