जौनपुर
मॉर्निंग वॉक से लौट रही वृद्धा से चेन स्नैचिंग, वारदात सीसीटीवी में कैद
बाइक सवार बदमाशों ने झपटी सोने की चेन, विरोध करने पर धक्का देकर किया घायल
**पुलिस ने फुटेज के आधार पर शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश में टीमें सक्रिय
जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ताड़तला स्थित बजरंग घाट मोहल्ले में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक वृद्धा से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बजरंग घाट निवासी दमयंती देवी, पत्नी हीरालाल वर्मा, सोमवार सुबह करीब 6:05 बजे मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनके गले में पहनी करीब 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली।
वृद्धा ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने धक्का देकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल वृद्धा की मदद की। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। पीड़िता के पुत्र संदीप कुमार वर्मा ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी आबादी वाले इलाके में इस तरह की घटनाएं होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
