वाराणसी
श्रमिक एक्सप्रेस की एसी बोगी से युवती का ट्राली बैग चोरी
वाराणसी। श्रमिक एक्सप्रेस की एसी बोगी में यात्रा के दौरान एक युवती का ट्राली बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में कपड़ों के साथ चांदी की एक जोड़ी पायल, बाजूबंद, सोने के कान के टप्स, मंगलसूत्र और एक सोने की चेन रखी हुई थी।
पीड़िता पूजा कुमारी के अनुसार, वह बीते सात अप्रैल को गाड़ी संख्या 19052 श्रमिक एक्सप्रेस की ए-1 (एसी सेकेंड) बोगी में छपरा से सूरत जा रही थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना ट्राली बैग सीट के नीचे रखा था।
बताया कि तड़के करीब 4:40 बजे वह अपनी बच्ची को दूध पिलाने के लिए जागीं तो देखा कि सीट के नीचे रखा ट्राली बैग गायब है। इसके बाद जब ट्रेन सतना स्टेशन पहुंची, तो उन्होंने जीआरपी थाने में मामला दर्ज कराया। यह प्रकरण अब जांच के लिए जीआरपी कैंट को स्थानांतरित किया गया है, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
