जौनपुर
सरकारी भूमि की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम के सामने हंगामा
महिला ने कार्रवाई का विरोध कर अधिकारियों व शिकायतकर्ता को फंसाने की दी धमकी, वीडियो वायरल
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बीबनममऊ गांव में सरकारी भूमि की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम के सामने मंगलवार को हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद एक महिला ने पैमाइश का विरोध करते हुए राजस्व अधिकारियों और शिकायतकर्ता को गंभीर आरोप में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान महिला द्वारा कथित रूप से ब्लाउज फाड़ने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रमेश यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि गांव के रामसमुझ समेत कुछ लोगों ने सरकारी भूमि स्थित खाद गड्ढे पर कथित रूप से कब्जा कर निर्माण करा लिया है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग को भूमि की जांच और पैमाइश के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ बीबनममऊ गांव पहुंची और सरकारी भूमि खाद गड्ढे की अराजी संख्या 520 की पैमाइश शुरू की। इसी दौरान मौके पर मौजूद महिला ने कार्रवाई का विरोध किया, जिससे कहासुनी और हंगामे की स्थिति बन गई।
वायरल वीडियो में महिला कथित तौर पर अधिकारियों और शिकायतकर्ता को ब्लाउज फाड़कर फंसाने की धमकी देती दिखाई दे रही है। किसी व्यक्ति ने घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
विरोध के बावजूद पुलिस की मौजूदगी में राजस्व टीम ने पैमाइश की कार्रवाई पूरी कर भूमि की निशानदेही की। अब राजस्व अभिलेखों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी भूमि पर कब्जा पाया जाता है तो उसे नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। वहीं, वायरल वीडियो की भी जांच की मांग उठ रही है।
