गोरखपुर
भाजपा के नवनियुक्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों का व्यापारियों ने किया अभिनंदन
संजीव राय और सुनीता अग्रहरि के स्वागत में आयोजित हुआ समारोह
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में खलीलाबाद के सांवरिया पैलेस में भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय एवं क्षेत्रीय मंत्री सुनीता अग्रहरि के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं, बुके, अंगवस्त्र एवं समय माता की प्रतिमा भेंट कर दोनों का स्वागत किया।
संगठन मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह ने की, जबकि संचालन पूर्व सभासद घनश्याम दास बिड़ला ने किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिले के दो सक्रिय नेताओं को क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना गौरव की बात है। इससे व्यापारी समाज में भी उत्साह है।
निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
क्षेत्रीय मंत्री सुनीता अग्रहरि ने कहा कि नई जिम्मेदारी सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह पूरी लगन से कार्य करते हुए गोरखपुर क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगी।
समारोह में जिला महामंत्री जलधारी सिंह, विकास गुप्ता, राजेश अग्रहरि, संजय अग्रहरी, राधेश्याम जायसवाल, सत्य प्रकाश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
