गोरखपुर
कूड़ा नहीं, संसाधन है; बच्चों ने सिखाया बचत का हुनर
“कबाड़ से जुगाड़” के जरिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गोलाबाजार, गोरखपुर। स्वच्छता पखवाड़े के तहत गोला तहसील क्षेत्र के पीएम श्री विद्यालय सेमरी में गुरुवार को “स्वच्छता सहभागिता दिवस” मनाया गया। इस दौरान “कचरा नहीं, संसाधन है” विषय पर विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
बच्चों ने बताया कचरे का दोबारा उपयोग
विद्यार्थियों ने बताया कि कागज, कार्डबोर्ड, बोतल, डिब्बे और जैविक कचरे को बेकार समझकर फेंकने के बजाय उनका पुनः उपयोग या पुनर्चक्रण किया जा सकता है। बच्चों ने “कबाड़ से जुगाड़” की अवधारणा के जरिए बेकार वस्तुओं को उपयोगी बनाने का संदेश दिया।
गीला-सूखा कचरा अलग रखने की अपील
बच्चों ने गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को बचाने की अपील की। उनकी प्रस्तुतियों में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों की बचत का संदेश दिखाई दिया।
जिम्मेदार नागरिक बनाने पर जोर
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि बच्चों में स्वच्छता की समझ विकसित करना केवल विद्यालय को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना भी इसका उद्देश्य है।
