वाराणसी
19 सितंबर को काशी में बहेगा भक्ति रस
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में जया किशोरी करेंगी संवाद, सकारात्मक सोच और जीवन मूल्यों पर रखेंगी विचार
वाराणसी। काशी में 19 सितंबर को भक्ति, अध्यात्म और सकारात्मक विचारों से सराबोर विशेष शाम का आयोजन होगा। चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में अमर उजाला की ओर से ‘जीवांजलि : विचारों से बदलाव तक’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जया किशोरी से सीधा संवाद
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक एवं आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी लोगों से सीधा संवाद करेंगी। वह जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करते हुए सकारात्मक सोच और जीवन मूल्यों का संदेश देंगी।
आध्यात्मिक विचारों से बदलाव का संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से लोगों को जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना और आत्मचिंतन का अवसर देना है। आयोजन को लेकर काशीवासियों में खासा उत्साह है।
बचपन से कृष्ण भक्ति से जुड़ाव
राजस्थान के सुजानगढ़ में 13 जुलाई 1995 को जन्मीं जया किशोरी का बचपन से ही कृष्ण भक्ति की ओर रुझान रहा। उनके गुरु पंडित गोविंद राम मिश्र ने उन्हें ‘किशोरी जी’ की उपाधि दी। आध्यात्मिक और सकारात्मक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने वाली जया किशोरी देश-विदेश में कई कार्यक्रमों को संबोधित कर चुकी हैं। 19 सितंबर को वह काशीवासियों के बीच अपने विचार साझा करेंगी।
