Connect with us

भदोही

889 मोबाइल और 923 सिम के साथ अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोपीगंज पुलिस व स्वाट/सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल स्क्रैप और नकदी भी बरामद

गोपीगंज, भदोही। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपीगंज पुलिस और स्वाट/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइलों को ठिकाने लगाने के आरोप में एक अंतरराज्यीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 889 मोबाइल फोन, 923 सिम कार्ड, बड़ी मात्रा में मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में हुई कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजीजुल पुत्र सागर, उम्र 29 वर्ष, निवासी सासापाड़ा, जनपद मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह गोपीगंज की नई बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दो बोरियों में रखे कुल 889 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें 293 स्मार्ट/एंड्राइड मोबाइल और 596 कीपैड फोन बताए गए हैं। इसके अलावा 923 सक्रिय/फर्जी सिम कार्ड, मोबाइल स्क्रैप के मदरबोर्ड, डिस्प्ले, स्क्रीन समेत अन्य पार्ट्स और 1,120 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह कबाड़ और चोरी के मोबाइल सस्ते दामों पर खरीदता था। इसके बाद उनके पार्ट्स का इस्तेमाल कर क्लोन और कस्टमाइज्ड फोन तैयार कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। पुलिस का कहना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल पहचान छिपाकर साइबर ठगी में किया जाता था।

Advertisement

मामले में थाना गोपीगंज पर मु0अ0सं0 370/2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(2)/317(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद सिम कार्ड और मोबाइल के IMEI नंबरों की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page