गोरखपुर
श्री अन्न महोत्सव में पटौहां के आयुष दुबे प्रथम
मोटे अनाज के महत्व पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
गोलाबाजार, गोरखपुर। जनपद स्तरीय श्री अन्न (मिलेट्स) मेला एवं महोत्सव में गोला क्षेत्र के पटौहां निवासी आयुष दुबे ने मोटे अनाज के महत्व पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। उनकी सफलता से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
एनेक्सी भवन में आयोजित हुआ महोत्सव
गोरखपुर के एनेक्सी भवन में कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित श्री अन्न महोत्सव में मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह और गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न स्टॉल, उन्नत कृषकों की प्रदर्शनी और श्री अन्न व्यंजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
प्रभावी तर्कों से हासिल किया पहला स्थान
महोत्सव के दौरान मोटे अनाज के महत्व पर जनपद स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता कराई गई। इसमें डाईट गोरखपुर के प्रशिक्षु के रूप में प्रतिनिधित्व करते हुए आयुष दुबे ने अपने प्रभावी तर्कों और शानदार वक्तव्य से निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
