Connect with us

गोरखपुर

चौतीसा में डीएम की चौपाल, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

Published

on

Loading...
Loading...

विधायक राजेश त्रिपाठी के साथ पहुंचे जिलाधिकारी, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी लिया जायजा

गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा चौतीसा में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी के साथ चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याएं डीएम के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

डीएम ने कहा कि पात्र ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। गांव में विकास कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करने और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

विधायक ने भी समस्याओं से कराया अवगत

विधायक राजेश त्रिपाठी ने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी जिलाधिकारी को दी। उन्होंने विकास कार्यों के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण

चौपाल के बाद जिलाधिकारी ने गोला क्षेत्र में नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए नदी के जलस्तर और आसपास के गांवों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

Advertisement

राहत-बचाव की तैयारियां रखने के निर्देश

डीएम ने राजस्व, सिंचाई, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने भोजन, पेयजल, दवाइयां, पशुओं के चारे और राहत शिविरों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जलभराव और कटान की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी के साथ आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव दल सक्रिय करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोला मनीष कुमार सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। ग्राम प्रधान ने भी गांव की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में लोगों की जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page