गोरखपुर
डीडीयू में 24 घंटे काम करेगा एआई स्टूडेंट असिस्टेंट
एडमिशन, फीस, परीक्षा और रिजल्ट से जुड़े सवालों के मिलेंगे तुरंत जवाब
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई और कागजी जरूरतों को आसान बनाने के लिए 24 घंटे काम करने वाला एआई-पावर्ड स्टूडेंट असिस्टेंट तैयार करने की योजना है। इसके जरिए एडमिशन, फीस, परीक्षा, रिजल्ट, सर्टिफिकेट और विश्वविद्यालय से जुड़ी अन्य सुविधाओं की जानकारी विद्यार्थियों को तुरंत मिल सकेगी।
एआई पहल और डिजिटल परिवर्तन कार्यालय के तहत योजना
यह सुविधा कुलपति केपी सिंह की ओर से प्रस्तावित ‘अधिष्ठाता, एआई पहल और डिजिटल परिवर्तन कार्यालय’ योजना के तहत विकसित की जाएगी। कुलपति ने ‘ए.आई. मंथन-2.0’ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए छात्रों को एआई के माध्यम से तेज, बेहतर और आसान सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना का जायजा लिया।
एक जगह मिलेगी सभी जरूरी जानकारी
प्रस्तावित व्यवस्था में विभिन्न विभागों, परीक्षा सेक्शन, हॉस्टल और फाइनेंस ब्रांच से जुड़ी सही एवं अद्यतन जानकारियों को एक केंद्रीयकृत नॉलेज बेस में जुटाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को जरूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी। विश्वविद्यालय का मानना है कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
