चन्दौली
बरसात में बीमारियों से बचने के लिए सतर्क रहें : डॉ. जमाल
दूषित पानी, मच्छरों और नमी से बढ़ता है बीमारियों का खतरा, सर्पदंश में झाड़-फूंक से बचने की अपील
बबुरी, चंदौली। बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों को लेकर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जमाल ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान दूषित पानी, मच्छरों के बढ़ते प्रजनन और वातावरण में नमी के कारण कई तरह की बीमारियां तेजी से फैलती हैं। थोड़ी सी सावधानी बरतकर इनसे बचाव किया जा सकता है।
उबालकर या फिल्टर किया पानी ही पिएं
डॉ. जमाल ने लोगों को सलाह दी कि पानी को हमेशा उबालकर या फिल्टर करने के बाद ही पिएं। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने बासी भोजन और खुले में बिकने वाले कटे फलों का सेवन करने से भी बचने की सलाह दी।
बुखार और उल्टी-दस्त में तुरंत चिकित्सक से लें सलाह
चिकित्सक ने कहा कि बुखार, उल्टी-दस्त या त्वचा पर दाने जैसी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और खुद से दवा लेने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का इस मौसम में विशेष ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, डायरिया और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
सर्पदंश में झाड़-फूंक से बचें
डॉ. जमाल ने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सर्पदंश होने पर समय गंवाए बिना पीड़ित को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए। बारिश के मौसम में साफ-सफाई के साथ स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
