गाजीपुर
गोआश्रय संचालन के लिए 28 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

गाजीपुर। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही ने बताया कि विकास खंड जखनियां स्थित अस्थायी गोआश्रय स्थल मंडी समिति, जलालाबाद के संचालन का कार्य किसी गैर सरकारी संगठन या स्वयंसेवी संस्था को दिया जाएगा। इस संबंध में विकास खंड स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति, जखनियां द्वारा प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।
डॉ. शाही ने बताया कि इच्छुक संगठन एवं संस्थाएं 28 जुलाई 2025 तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। चयनित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू करना होगा, जिसके तहत निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप निश्चित समयावधि तक गोआश्रय का संचालन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गोआश्रय में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए शासन द्वारा निर्धारित धनराशि मासिक आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, संचालक संस्था को समय-समय पर दिए गए आदेशों और निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। व्यवस्था में कमी पाए जाने पर किसी भी समय संस्था से संचालन का कार्य वापस लिया जा सकता है।