Connect with us

वाराणसी

नवीन गर्भनिरोधक साधनों की पहुँच बढ़ाने के लिए मनाया गया ‘अंतराल दिवस’

Published

on

आदर्श ब्लॉक सेवापुरी में लाभार्थियों को मिली ‘अंतरा–छाया’ की निःशुल्क सेवाएँ

रिपोर्ट – मनोकामना सिंह

वाराणसी| परिवार नियोजन की नवीन गर्भनिरोधक सेवाओं की पहुँच बढ़ाने व समुदाय को जागरूक करने के लिए हर सप्ताह शुक्रवार को अंतराल दिवस मनाया जाता है। इस क्रम में शुक्रवार को जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अंतराल दिवस मनाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि परिवार नियोजन के सभी स्थायी व अस्थायी साधनों की पहुँच बढ़ाने के लिए समुदाय को जागरूक करने की आवश्यकता है। इसके लिए जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर हर शुक्रवार को अंतराल दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान लाभार्थियों को नवीन गर्भनिरोधक साधनों की सेवाएँ दी गईं। इसके साथ ही परिवार नियोजन के प्रति परामर्श भी दिया गया।
नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ राजेश प्रसाद ने बताया कि अंतराल दिवस दिवस लाभार्थियों को अस्थायी एवं नवीन गर्भनिरोधक साधनों जैसे अंतरा तिमाही गर्भनिरोधक इंजेक्शन, छाया साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोली, माला एन, आईयूसीडी, कंडोम आदि की सेवाएँ दी गईं। दिवस पर परिवार नियोजन की बास्केट ऑफ चॉइस का पूरा ध्यान दिया जाता है जिससे लाभार्थी अपनी पसंद की सेवा का लाभ उठा सकें। उन्होने कहा कि परिवार नियोजन परामर्श एवं सुविधाएं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क उपलब्ध हैं। इसके बारे में अधिक जानकारी के लिए आशा कार्यकर्ता व एएनएम से संपर्क किया जा सकता है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉ यतीश भुवन पाठक ने बताया कि आदर्श ब्लॉक सेवापुरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित दो अतिरिक्त पीएचसी, सीएचसी हाथी बाजार एवं 35 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर अंतराल दिवस मनाया गया। इस दौरान समस्त स्वास्थ्य केन्द्रों पर कुल 10 अंतरा, 25 छाया, 10 आईयूसीडी, 30 माला-एन एवं 300 कंडोम की सेवाएँ लाभार्थियों को निःशुल्क दी गईं। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबन्धक (बीपीएम) अनूप कुमार मिश्रा एवं यूपीटीएसयू के जिला परिवार नियोजन विशेषज्ञ ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कपसेठी, कालिकाधाम, महाराजपुर एवं गहरपुर पर मनाए जा रहे अंतराल दिवस का पर्यवेक्षण भी किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page