बलिया
रेवती में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर व एक लोडर सीज
पुलिस–राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई
बिना परमिट मिट्टी खनन पकड़ा गया, अभियान जारी रहेगा
बलिया। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को रेवती थाना क्षेत्र के ग्राम झरकटहा में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। मौके से दो ट्रैक्टर और एक लोडर को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में नायब तहसीलदार बैरिया उदय कुमार और थाना प्रभारी रेवती अनुपम जायसवाल की टीम ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैध कागजात और खनन परमिट के मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मिट्टी से लदे दो ट्रैक्टर और एक लोडर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध खनन की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
